जमशेदपुर : झारखंड राज्य स्थापना दिवस, 2026 के अवसर पर जिला में आयोजित होने वाले कार्यक्रम एवं स्थापना दिवस पखवाड़ा की तैयारियों को लेकर जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय में बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को कार्यक्रमों के सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने बताया कि 15 नवंबर 2026 को ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ के साथ स्थापना दिवस कार्यक्रमों की शुरुआत होगी. जिला मुख्यालय में सुबह 7 बजे साकची महाराणा प्रताप चौक से दौड़ का आयोजन किया जाएगा जो स्वर्णरेखा छठ घाट पर साफ-सफाई के साथ सुबह 08 बजे संपन्न होगा. इसके अतिरिक्त सभी नगर निकायों एवं प्रखंडों में भी प्रमुख स्थलों अथवा चौक-चौराहों से ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ को फ्लैग ऑफ किया जाएगा. इस पहल के माध्यम से स्वच्छता का संदेश देते हुए छठ घाटों की साफ-सफाई के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा. स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत 17 से 24 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर पर आमजनों की सहभागिता से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

इसमें खेलकूद प्रतियोगिताएं, नाटक, नृत्य-संगीत, निबंध लेखन सहित अन्य सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम शामिल होंगे. जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों एवं टीमों को 26 एवं 27 नवंबर को खेलगांव, रांची में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा. विजेता प्रतिभागियों एवं टीमों को 28 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा. बैठक में 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव, रांची में आयोजित होने वाले मेला-सह-प्रदर्शनी की तैयारियों पर भी चर्चा की गई. इसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल के साथ प्रत्येक जिले का एक-एक स्टॉल एवं अन्य विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे. पूर्वी सिंहभूम जिले के स्टॉल के बेहतर प्रस्तुतीकरण को लेकर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. स्टॉल के माध्यम से जिले के विशिष्ट उत्पादों, पर्यटन स्थलों एवं आर्थिक गतिविधियों की जानकारी आमजनों तक पहुंचाई जाएगी. इसके अतिरिक्त नवाचार पर केंद्रित विशेष स्टॉल भी लगाए जाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को खेलगांव, रांची में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास एवं शुभारंभ किया जाएगा. साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा. उक्त को लेकर भी जिला व प्रखंड के पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया जिससे राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जिला की सहभागिता रहे. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने तथा कार्यक्रमों में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त, एसडीएम धालभूम, अपर उपायुक्त, नगर आयुक्त जेएनएसी, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, निदेशक एनईपी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, नजारत उपसमाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे, बीडीओ, सीओ वर्टुअल माध्यम से जुड़े.












