खरसांवा: सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र के जंबरो गांव में आदिवासी महिला विश्वासी सोय (47 वर्ष) की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. पुलिस ने आरोपी पैलेस मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है. महिला की हत्या 11 नवंबर की रात में हुई थी.मिली जानकारी के अनुसार 11 नवंबर की शाम जंबरो गांव में हॉकी मैच का आयोजन किया गया था. मृतका के परिजनों के अनुसार, विश्वासी सोय प्रतियोगिता स्थल पर हड़िया बेचने गई थी. देर रात तक घर नहीं लौटने पर पति निर्मल सोय ने तलाश शुरू की, तो घर के समीप ही उसका शव मिला.ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. (नीचे भी पढ़े)
कुचाई थाना प्रभारी ने महिला की हत्या धारदार हथियार से करने की पुष्टि की है. ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी ने हत्या के बाद शव के साथ बर्बरता भी की. हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है और सभी बिंदुओं पर जांच की बात कही है.सरायकेला एसडीपीओ ने बताया कि महिला की हत्या आपसी विवाद में हुई है. बाजार-हाट के बाद घर में बैठने के दौरान विवाद बढ़ा, जिसके बाद आरोपी ने उसकी हत्या कर दी. आदिवासी संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा की है. जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा और राष्ट्रीय कोल सेना के अध्यक्ष विष्णु बानरा ने मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर दोषी को कठोर सजा देने की मांग की है.












