जमशेदपुर : पश्चिम सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के केंजरा टोला तारोब बुरु में विवाद में एक ही आदिवासी परिवार के तीन लोगों की हत्या के मामले में पीड़ित पक्ष से मिलने के लिए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा पहुंचे. एमजीएम मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस में जाकर वे पीड़ित परिवार से मिले. उनके परिजनों ने बताया कि उनको भी डर बना हुआ है और उनके साथ भी अनहोनी हो सकती है. इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने पश्चिम सिंहभूम जिले के उपायुक्त और एसपी से फोन पर बातचीत की. इस बातचीत के दौरान अर्जुन मुंडा ने कहा कि परिजनों को नौकरी दी जाये. टोंटो थाना क्षेत्र के केन्जरा टोला तारोबबुरु में 26 अगस्त को शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरु की थी. (नीचे भी पढ़ें)
मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय राजिन दोरायबुरु, उनकी पत्नी जानो दोरायबुरु और 12 वर्षीय बेटे काण्डे दोरायबुरु के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, परिवार के सदस्य रगमिया दोरायबुरु ने थाने में शिकायत देकर जमीन विवाद के चलते तीन लोगों की हत्या और शव छिपाने की जानकारी दी थी. जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. उनकी निशानदेही पर तीनों शव बरामद किए गए. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद की है. शुरुआती जांच में जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया गया है. फिलहाल पुलिस अन्य संभावित आरोपियों और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है.




