चाकुलिया: चाकुलिया विधायक कार्यालय परिसर में शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रखंड कमेटी की बैठक हुई. इस बैठक में विधायक समीर मोहंती समेत पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे. बैठक में केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई. साथ ही संगठन को प्रखंड से लेकर पंचायत स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किया गया. (नीचे भी पढ़े)
आगामी 7 सितंबर को प्रखंड कार्यालय में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए विधायक समीर मोहंती ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दी. उन्होंने कहा कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों से जुड़े अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आवाज उठाई जाती रहेगी.उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी आंदोलन को सफल बनाने की अपील की. बैठक में प्रखंड प्रमुख धनंजय करूणामय, गौपन परिहारी,साहेबराम मांडी,बलराम महतो,गौतम दास,राजा बारिक,निर्मल महतो,बुलबुल मंडल,मोहन माईति समेत अन्य उपस्थित थे.




