जमशेदपुर : जमशेदपुर को कोलकाता और भुवनेश्वर से हवाई मार्ग से जो जाने वाली कंरवी इंडियावन एयर कंपनी ने अपने कर्मचारियों को ईमेल करके जानकारी दी है कि केंद्र सरकार की आरसीएस ( रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम) की वैधता ख़त्म होने वाली है. अगर इसका विस्तार नहीं मिला तो 31 जनवरी से कोलकाता जाने वाली और 28 फ़रवरी से भुवनेश्वर जाने वाली हवाई सेवा बंद कर दी जाएगी. आरसीएस की स्कीम बंद होने के साथ साथ टाटा कंपनी सोनारी एयरपोर्ट पर जो आर्थिक रियायतें देती है वह करार भी ख़त्म हो जाएगा जिसके कारण सेवाओं को बंद करने के अलावा अब कोई दूसरा विकल्प नहीं रह जाता है. झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाडंगी ने टाटा स्टील के मैनेजिंग डाइरेक्टर टीवी नरेद्रन से मुलाकात की और आग्रह किया कि टाटा स्टील द्वारा इन दोनों सेवाओं को जारी रखने के लिए सोनारी एयरपोर्ट पर इंडियावन एयर को जो रियायत दी जाती है वो आगे भी जारी रखी जाए. (नीचे भी पढ़ें)
कुणाल ने टीवी नरेंद्रन से आग्रह किया जब तक धालभूमगढ एयरपोर्ट का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल जाता तब तक वर्तमान के रनवे को विस्तार किया जाए ताकि एटीआर जहाज़ जो पहले यहां उतरते थे वह सुविधा जमशेदपुरवासियों को मिल सके. टाटा स्टील एमडी टीवी नरेंद्रन ने आश्वस्त किया कि अगर केंद्र सरकार आरसीएस स्कीम को जमशेदपुर के लिए विस्तार देंगी तो टाटा कंपनी लैंडिंग चार्ज, पार्किंग चार्ज और टर्मिनल मैनेजमेंट के जो खर्चे पहले वहन कर रही थी वह आगे भी जारी रखेगी ताकि यह सेवा जारी रहे. वर्तमान में स्थित सोनारी एयरपोर्ट के रनवे को बढ़ाने के लिए पहल हो रही है और तकनीकी प्रस्ताव बनवाने को संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है. कुणाल ने कहा कि वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह करेंगे कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से वार्ता कर जमशेदपुर में आरसीएस स्कीम स्कीम को समय रहते विस्तार करवाया जाए ताकि शहर के लोगों के लिए यह सुविधा बंद न हो.







