गिरिडीह: गिरिडीह में साइबर अपराध पर लगाम कसने की दिशा में गिरिडीह पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बुधुडीह बाजार और गिरिडीह बस स्टैंड के पास झिंझरी मोहल्ला में छापेमारी कर पुलिस ने 4 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई से इलाके में साइबर ठगी के खिलाफ एक सख्त संदेश गया है.मंगलवार को प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि कुछ लोग मोबाइल फोन के जरिए आम नागरिकों से ठगी कर रहे हैं. सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर साइबर डीएसपी आबिद खां के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 अलग-अलग स्थानों से 4 साइबर अपराधियों को धर दबोचा. गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में साइबर डीएसपी आबिद खां ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में दीपु कुमार मंडल उर्फ दीपक मंडल (22), छोटी मंडल उर्फ छोटे मंडल (30), श्रवण राय (21) और मोहित कुमार मंडल (19) शामिल हैं.(नीचे भी पढ़े)
ये सभी आरोपी गिरिडीह जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं. पुलिस ने इनके पास से 5 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किए हैं.पूछताछ के दौरान चारों ने स्वीकार किया कि वे फर्जी एपीके फाइल्स भेजकर लोगों को विभिन्न बहानों जैसे केवाईसी अपडेट, आधार अपडेट, कूरियर सर्विस और दिल्ली जल बोर्ड के नाम पर ठगते थे. इस मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 26/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की कार्रवाई जारी है. डीएसपी ने बताया कि छोटे मंडल के खिलाफ पहले से ही देवघर साइबर थाना में मामला दर्ज है, और उसके विरुद्ध तेलंगाना-हैदराबाद में साइबर ठगी के 65 से अधिक केस लंबित हैं. वहीं दीपक मंडल के खिलाफ अहिल्यापुर थाना में तथा श्रवण राय पर गिरिडीह साइबर थाना में पहले से मामले दर्ज हैं.











