झारखंड पुलिस बताये कैसे और कितना कार्रवाई साइबर अपराधियों के खिलाफ की गयी है : हाईकोर्ट
झारखंड में बढ़ते साइबर क्राइम को लेकर झारखंड हाईकोर्ट ने झारखंड पुलिस को आड़े हाथों लिया है. झारखंड हाईकोर्ट ने गुरुवार को साइबर क्राइम को लेकर सुनवाई की. इस मामले में मनोज राय नामक व्यक्ति की जनहित याचिका पर मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार मिश्रा और न्यायाधीश सुजीत नारायण प्रसाद की अदालत में सुनवाई हुई. इस सुनवाई के दौरान झारखंड पुलिस से हाईकोर्ट ने पूछा कि साइबर अपराध में कितने लोगों को गिरफ्तार किया गया है, कितने साइबर अपराधियों की संपत्ति को जब्त किया गया है. इसकी पूरी रिपोर्ट मांगी गयी है. इस मामले की अगली सुनवाई 16 मार्च को निर्धारित की गयी है, जिसमें झारखंड हाईकोर्ट ने टेलीकॉम रेगुलेटरी ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) को भी प्रतिवादी बनाने को कहा गया है. झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर कर याचिकाकर्ता मनोज राय की अदालत ने जानकारी दी है कि झारखंड के जामताड़ा, साहेबगंज, देवघर समेत अन्य जिलों में लगातार साईबर अपराध हो रहा है, जिसको रोका नहीं जा रहा है और लोगों की गाढ़ी कमाई से अपराधी मालामाल हो रहे है. इस मामले को लेकर सुनवाई शुरू की गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी हड़ताल पर नहीं जा सकते
झारखंड हाईकोर्ट में 2018 में रिम्स अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के हड़ताल के दौरान मरीज की मौत के मामले में सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने रिम्स से तीन सप्ताह में जवाब मांगा है. कोर्ट ने यह जानना चाहा है कि हड़ताल के दरान जिन इलाजरत लोगों की मौत हुई है, उनके परिजनों को मुआवजा दिया गया है या नहीं. मुआवजा के लिए क्या योजना रिम्स के पास है. झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजय कुमार मिश्र और जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद की बेंच में यह सुनवाई हुई, जिसमें हाईकोर्ट ने मौखिक रुप से कहा कि चिकित्सा जरूरी सेवा के दायरे में आता है, इस कारण इसमें हड़ताल होना गंभीर मामला है. इस मामले को झारखंड छात्र संघ के एस अली ने झारखंड हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की है. (नीचे भी पढ़ें)
सीएम के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा को जमानत पर नहीं हुआ फैसला
झारखंड हाईकोर्ट में टेंडर मैनेज करने और साहेबगंज में अवैध खनन करने के मामले में गिरफ्तार पंकज मिश्रा के जमानत याचिका पर सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने इडी को जवाब दाखिल करने को कहा, जिस पर अगली सुनवाई 28 फरवरी को तय कर दिया गया. पंकज मिश्रा को इडी ने जुलाई माह में ही गिरफ्तार किया है. पंकज मिश्रा, दाहू यादव और उनके सहयोगियों के 37 बैंक खातों में 11.88 करोड़ रुपये जमा थे, जिसको इडी ने जब्त कयिा ह.ै जांच के दौरान पाया गया था कि साहेबगंज में अवैध खनन का काम पंकज मिश्रा के माध्यम से ही होता था, इसको लेकर अभी बेल की याचिका दायर की गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
विधायक ढुल्लू महतो की जमानत मिलने में अभी देर लगेगी
भाजपा के बाघमारा से विधायक ढुल्लू महतो की जमानत याचिका एक बार फिर से लटक गयी है. झारखंड हाईकोर्ट में ढुल्लू महतो ने जमानत याचिका दायर की थी, जिसकी सुनवाई हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस राजेश कुमार की अदालत में हुई. इस दौरान कोर्टने पुलिस को केस डायरी जमा करने का आदेश दिया. वरिष्ठ अधिवक्ता इंद्रजीत सिन्हा और अजय शाह ढुल्लू महतो की ओर से हाईकोर्ट में पैरवी कर रहे थे. ढुल्लू महतो पर धनबाद जिले के केंदुआडीह थाना में वर्ष 2022 में कांड संख्या 132 एफआइआर दर्ज की गयी है, जिसमें हत्या का प्रयास, रंगदारी मांगने, आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं के तहत केस दायर किया गया है. धनबाद कोर्ट ने बेल को रिजेक्ट कर दिया था, जिसको ढुल्लू महतो ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है.











