रांची : झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए. विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड पर एक पेट्रोल पंप पर तीन नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने देर रात धावा बोला और बंदूक की नोक पर लगभग 50 हजार रुपये लूट लिए. घटना के दौरान पंप कर्मियों के साथ मारपीट भी की गई. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के वक्त रांची में तेज बारिश हो रही थी, जिसका फायदा उठाते हुए अपराधियों ने रेनकोट और हेलमेट पहनकर अपनी पहचान छुपाई. शुरुआत में वे आम ग्राहकों की तरह पेट्रोल भरवाने के बहाने पहुंचे, लेकिन थोड़ी ही देर में हथियार निकालकर कर्मियों को कब्जे में ले लिया. विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट की और कैश काउंटर से पैसे लेकर फरार हो गए.



