जमशेदपुर : रांची-टाटा एनएच पर तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव के पास सोमवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतकों में जमशेदपुर के गोलमुरी निवासी 25 वर्षीय रितु राज कुमार और 20 वर्षीय जान्हवी कुमारी शामिल हैं, जबकि रितु राज की बहन रोहिणी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई हैं .जानकारी के अनुसार, तीनों लोग वैगन – आर कार में सवार होकर जमशेदपुर से रांची एक शादी समारोह में गए थे और सुबह वापस जमशेदपुर लौट रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान रड़गांव के पास कार ने खड़ी ट्रेलर में पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई और तीनों लोग कार में फंस गए.हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तमाड़ पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को कार से बाहर निकाला. रितु राज और जान्हवी कुमारी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि रोहिणी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई. थाना प्रभारी रोशन झा ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर रोहिणी सिंह को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसे प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रोहिणी की हालत गंभीर है.




