मेदिनीनगर (पलामू) :पंचायत उन्नति सूचकांक विषयक पर गुरुवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन मेदिनीनगर के टाउन हॉल में हुआ. इस कार्यशाला का शुभारंभ जिप अध्यक्ष प्रतिमा कुमारी, जिप उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन एवं पंचायती राज पदाधिकारी विनय कुमार श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यशाला में जिले भर से आये बीडीओ-सीओ व प्रखंड एवं ग्राम स्तर से जनप्रतिनिधियों को पंचायत उन्नति सूचकांक के उद्देश्यों, मापदंडों एवं कार्यान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गयी.(नीचे भी पढ़े)
कार्यशाला में उच्च प्रदर्शन करने वाले पंचायतों के प्रतिनिधियों व संबंधित बीडीओ-सीओ को सम्मानित किया गया. इस दौरान सभी सुचकांकों में ओवरऑल प्रदर्शन करने वाले टॉप फाइव पंचायतों को मोमेंटो देकर प्रदर्शन किया गया. इसमें बिश्रामपुर के लालगढ़, पांकी के नुरू, बिश्रामपुर के भंडार, पांकी के पांकी एवं बिश्रामपुर के पंजरीकलां पंचायत के प्रतिनिधियों को व संबंधित बीडीओ-सीओ को सम्मानित किया गया. इसी तरह थीम बेस्ड परफॉर्मेंस के तहत अलग-अलग सुचकांकों में नावाबज़ार के राजहरा, पांडु के मुशिखाप, उंटारी रोड के केरकेट्टा, पांकी के नुरू, पांकी पूर्वी, बिश्रामपुर लालगढ़, नावाबज़ार के तुकबेरा, पांडु के कजरु कलां, बिश्रामपुर के लालगढ़ व पंजरी कलां को भी सम्मानित किया गया, वहीं प्रखंडों में प्रथम स्थान के लिये बिश्रामपुर, द्वितीय स्थान के लिये पांकी व तीसरे स्थान के लिये मेदिनीनगर को सम्मानित किया गया. जिप अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष द्वारा सभी को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर जिप उपाध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि आज के पूर्व इस तरह का मूल्यांकन का कार्य नहीं होता था. इस तरह के कार्यों से कोई भी पंचायत अछूता नहीं रहेगा. उन्होंने कहा कि कुल 9 सूचकांकों में सबसे महत्वपूर्ण महिला हितैषी सूचकांक हैं.(नीचे भी पढ़े)
उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन ने सेगमेंटेड अप्रोच को फोकस अप्रोच करने पर बल दिया. उन्होंने बीडीओ-सीओ को पीएआई का अवलोकन करने की बात कही. उन्होंने कहा कि जब सामूहिक कार्य होंगे, तो भविष्य में पलामू के पंचायतों को राष्ट्रीय पटल पर सम्मानित किया जायेगा.इसके पूर्व जिप अध्यक्ष ने भी कई मुद्दों पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम में मास्टर प्रशिक्षक सत्यम शुक्ल द्वारा पीपीटी के जरिये पंचायतों में विकासनात्मक कार्यों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गयी. पूरे कार्यक्रम का संचालन अनूप तिवारी द्वारा किया गया. इस अवसर पर उपरोक्त के अलावे अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन,जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला आपुर्ति पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी विनय कुमार श्रीवास्तव, विभिन्न बीडीओ-सीओ समेत बड़ी संख्या में प्रखंड एवं ग्राम स्तरीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.



