
जमशेदपुर : झारखंड राज्य शीतलहर की चपेट में आ चुकी है. रांची, जमशेदपुर, पश्चिम सिंहभूम समेत तमाम जिले में तापमान नीचे जा रहा है. जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि झारखंड की राजधानी रांची से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित मैकलुस्कीगंज और कांके में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है.

इसके अलावा पश्चिम सिंहभूम जिले का कश्मीर कहे जाने वाले किरीबुरु में बर्फबारी भी हुई और कश्मीर जैसा नजारा यहां बन गया. रांची में 9 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रहा. यह संभावना जतायी जा रही है कि 31 दिसंबर तक तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक जा सकती है. लोगों को ठंड से बचने की जरूरत है. इससे ठिठुरन बढ़ सकती है. हालांकि, एक जनवरी 2020 से तापमान में बढ़ोत्तरी शुरु हो सकती है. एक से लेकर चार जनवरी तक तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज होगी और फिर बादल छंटने पर फिर से तापमान में गिरावट दर्ज किया जायेगा और ठिठुरन बढ़ेगी.







