रांची / जमशेदपुर : झारखंड में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शनिवार को कुछ जिलों में राहत मिलने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार शनिवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाये रहेंगे और उत्तर पूर्वी भाग में हल्की बारिश की संभावना है. इस दौरान हवा की गति 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. शनिवार को कोल्हान व अन्य हिस्सों में गर्मी के साथ उमस भी अपना असर दिखा रहा है. गर्मी और उमस के इस दोहरे असर से लोगों की परेशानी बढ़ रही है. वहीं कुछ जिलों में शाम में बारिश का अनुमान है. 30 अप्रैल तक कहीं तेज बारिश तो कहीं बूंदाबांदी होने की संभावना है. (नीचे भी पढ़ें)

शनिवार को इन जिलों में बारिश का अनुमान : राज्य के बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुर और साहेबगंज में बारिश का अनुमान है.
पिछले 24 घंटे में सबसे गर्म जिला रहा डाल्टेनगंज : शुक्रवार को सबसे गर्म जिला डाल्टेनगंज रहा, जहां का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. वहीं पांच जिलों में डाल्टेनगंज, बोकारो थर्मल का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री, सरायकेला का 42.5 डिग्री, बोकारो एडब्ल्यूएस का 41.5 डिग्री और गोड्डा का 41.9 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं रांची का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री, जमशेदपुर का 41.1 डिग्री दर्ज किया गया.











