रांची / जमशेदपुर : झारखंड के रांची केंद्र मौसम वैज्ञानिक ने राज्य में बुधवार को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. ऑरेंज अलर्ट गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, गोड्डा, गिरिडीह, साहिबगंज, देवघर, हजारीबाग, कोडरमा जिले में जारी किया गया है. वहीं जमशेदपुर और सरायकेला खरसावां जिले में सुबह से धूप छांव जैसी स्थिति बनी है, जिसके कारण लोगों के पसीने छूट रहे है. वहीं दोपहर बाद मौसम बदलने का अनुमान है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार झारखंड में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. कहीं बूंदाबांदी तो कही झमाझम बारिश का अनुमान है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है. गरज के साथ वज्रपात की भी आशंका है. गुरुवार को कुछ जिलों में येलो अलर्ट और कुछ जिलों में 25 से 27 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
24 जुलाई को राजधानी रांची समेत 11 जिलों में येलो अलर्ट – मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक झारखंड की राजधानी रांची, दुमका, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिले में बारिश का अनुमान है. इसे लेकर आईएमडी ने 24 जुलाई यानी गुरुवार को येलो अलर्ट जारी किया है. (नीचे भी पढ़ें)
25 से 27 तक कोल्हान समेत इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट – पूर्वानुमान अनुसार कोल्हान के तीन जिलों में 25 और 26 जुलाई को भारी बारिश का अनुमान है. इसके साथ ही 26 को सिमडेगा, खूंटी, गुमला, रांची में ऑरेंज अलर्ट जारी है. वहीं 27 को सिमडेगा, गुमला और लोहरदगा में भारी बारिश का अनुमान है.
25 से 27 जुलाई तक इन जिलों में येलो अलर्ट – 25 जुलाई को रांची, लोहरदगा, दुमला, सिमडेगा, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, जामताड़ा, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, सिमडेगा में बारिश का येलो अलर्ट जारी है. 26 जुलाई को लोहरदगा, लातेहार, पाकुड़, गुमला जिले में और 27 को गढ़वा, पलामू, लातेहार, रांची, खूंटी, पश्चिम सिंहभूम जिले में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.











