
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के जियाडा (आयडा) भवन आदित्यपुर में दोपहर 3 बजे आदित्यपुर इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर लिमिटेड की नवीं निर्देशक मंडल की बैठक हुई. जहां राज्य के उद्योग सचिव प्रवीण टोपनो को कंपनी का चेयरमैन चुना गया. श्री टोपनो पूर्व उद्योग सचिव के रवि कुमार की जगह लेंगे. वहीं बैठक में जियाडा द्वारा आबंटित ईएमसी के भूखण्डों पर उनसे कंपनी के शेयर के मूल्य को लेने का संकल्प पास किया गया. इसके अलावा पिछले तीन सालों का लेखा जोखा भी पास किया गया. जिसे कैग के पास भेजा जाएगा. वहीं ईएमसी के अंतर्गत निर्मित फ्लैट, फैक्ट्री के यूनिट को लीज के लिए देने के लिए शर्तों को निर्धारित करने के जियाडा की क्षेत्रीय निदेशक डॉ नेहा अरोड़ा और उप क्षेत्रीय निदेशक रंजना मिश्रा को अधिकृत किया गया. इसके बाद कंपनी की जनरल बॉडी मीटिंग भी सम्पन्न हुई. जिसमें जियाडा द्वारा 12 आवंटित ईएमसी के भूखंडों से शेयर्स के पैसे लेने के संकल्प को पास किया गया. बैठक में उद्योग सचिव प्रवीण टोपनो के अलावा डॉ नेहा अरोड़ा, रंजना मिश्रा, ईएमसी के निदेशक मुरली धरण, सुरेश सोंथालिया, सुनील कुमार सिंह, जियाडा के सचिव एवं ईएमसी के कंसलटेंट अशोक कुमार विहानी मौजूद रहे. बाद में उद्योग सचिव प्रवीण टोपनो ने ईएमसी जाकर पूरी योजना का जायज़ा लिया और सारे कार्यों की समीक्षा की. इनके साथ निदेशक मंडल के सभी सदस्य और अशोक बिहानी शामिल थे.














