
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना अंतर्गत लिंडे गैस प्लांट के पास बीती रात ओला कार चालक की लापरवाही के कारण सड़क दुर्घटना में बिष्टुपुर को-ऑपरटिव सोसाइटी के बड़ा बाबू उमेश श्रीवास्तव अपने परिवार समेत घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से सभी को इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घायलों में उमेश श्रीवास्तव, उनकी पत्नी माधुरी देवी और बेटा राकेश कुमार शामिल हैं, जिन्हें चोट आई है. वहीं ओला कार चालक मौके से फरार हो गया. घायल राकेश ने बताया कि वह परिवार संग मां की आंख के इलाज के लिए कोलकाता जा रहे थे. डिमना रोड स्थित जगदेव पैलेस से उसने स्टेशन के लिए ओला कार बुक किया. कार संख्या जेएच05सीएम 7086 स्टेशन के लिए बुक हुई, जिसमें कार चालक जगदीप सिंह मौजूद था. लिंडे गैस प्लांट के पास कार चालक ओवरटेक करने के चक्कर में कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गयी. हालांकि सड़क पर स्पीड ब्रेकर होने की वजह से दोनो वाहनों की रफ्तार कम थी, फिर भी कार के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए. सड़क दुर्घटना की जानकारी बर्मामाइंस थाना प्रभारी को भी नहीं है, जबकि घटना बर्मामाइंस थाना से करीब 500 मीटर की दूरी पर ही हुई है.






