
मुंबई / रांची : भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर का रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया. आज शाम मुंबई के शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे और लता दीदी को श्रद्धांजलि दी. स्व लता मंगेशकर के भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी. 92 वर्षीय लता मंगेशकर ने करीब 30 हजार गीतों को अपनी आवाज से सजाया था. उनके निधन से सिनेमा जगत समेत पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गयी है. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताते हुए इसे देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया है. इसके साथ ही झारखंड सरकार की ओर से राज्य में दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की गयी है. इस दौरान होनेवाले सभी राजकीय कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है. मुंबई के शिवाजी पार्क में लता मंगेशकर के अंतिम संस्कार से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, शाहरुख खान, रणबीर कपूर, जावेद अख्तर, सचिन तेंदुलकर, आशा भोसले, अनुराधा पौडवाल, विद्या बालन, सिद्धार्थ रॉय कपूर, सहित कई सितारों और नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. लता मंगेशकर का बीते कुछ दिनों से स्वास्थ्य ठीक नहीं था और वे अस्पताल में भर्ती थीं.




