
चाकुलिया : कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा की है. लॉक डाउन होने से बजार की सभी दुकानें बंद हैं, सड़कों पर वाहनों का परिचालन बंद है. स्थानीय प्रशासन लॉकडाउन को पूर्ण रूप से सफल बनाने के लिए रात दिन जुटा हुआ है. प्रशासन गांव से लेकर शहर तक लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों को जागरूक कर रहा है और समय समय पर सड़कों पर पहरेदारी कर वाहन की चेकिंग कर रहा हैं. वही क्षेत्र के बालू माफिया प्रशासन की आंख में धूल झोंक कर रात के अंधेरों में अपना काला धंधा कर रहे हैं.
बालू माफियाओं द्वारा कोरोना जैसी महामारी के समय सरकार और प्रशासन के नियमों को तोड़ा जा रहा है. वे लॉक डाउन की धज्जियां उड़ा रहे हैं. बालू माफियाओं द्वारा रोजाना सुबह 5 बजे और रात के 11 बजे के करीब नदी घाट से बालू ट्रैक्टर पर लोड कर मुख्य सड़क से होते हुए गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है. आश्चर्य की बात यह है कि आखिर ये बालू माफिया कहां और कैस वाहन पर बालू लोड कर अपने स्थानों तक पहुंच रहे हैं और इसकी भनक तक प्रशासन को नहीं है. इस संबंध में सीओ अरविंद ओझा ने कहा कि चाकुलिया प्रखंड में कही भी घाट की निलामी नहीं हुई है. जो भी वाहन से बालू क्षेत्र में आ रहा है वह अवैध है. बालू की ढुलाई पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा पहल की जाएगी.







