जमशेदपुर : टाटा समूह और टाटा स्टील द्वारा संचालित जमशेदपुर स्थित नवल टाटा हॉकी अकादमी के तीन कैडेट प्रेमचंद सोय, जैसन कंडुलना और आशीष तानी पूर्ति का चयन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी चार मैचों की सीरीज़ के लिए भारतीय अंडर 18 पुरुष हॉकी टीम में हुआ है. यह सीरीज़ 15 मई से 20 मई तक एसएआई सेंट्रल सेंटर में आयोजित की जाएगी और इस महीने के अंत में जापान में आयोजित होने वाले पुरुष अंडर 18 एशिया कप से पहले टीम के लिए एक महत्वपूर्ण तैयारी अभियान मानी जा रही है. इन तीनों खिलाड़ियों ने एक सप्ताह तक चले राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में शानदार प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम के अंतिम 24 सदस्यीय दल में जगह बनाई. (नीचे भी पढ़े)
इस शिविर में 42 संभावित खिलाड़ियों का तकनीकी कौशल, मैच फिटनेस और रणनीतिक तैयारी के आधार पर मूल्यांकन किया गया. राष्ट्रीय टीम में अलग अलग महत्वपूर्ण पदों का प्रतिनिधित्व करने वाले चयनित कैडेटों में शामिल हैं. इसमें डिफेंडर आशीष तानी पूर्ति, मिडफील्डर प्रेमचंद सोय और फारवर्ड जैसन कंडुलना शामिल है. ऑस्ट्रेलिया सीरीज़ खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अनुभव और उच्च स्तरीय मुकाबलों का अवसर प्रदान करेगी. यह सीरीज़ 29 मई से 6 जून तक काकामिगाहारा में आयोजित होने वाले पुरुष अंडर 18 एशिया कप की तैयारियों के लिए बेहद अहम मानी जा रही है. खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए एनटीएचए के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुरमीत सिंह राव ने कहा कि प्रेमचंद, जैसन और आशीष का चयन उनकी मेहनत, समर्पण और उस प्रतिस्पर्धी माहौल का परिणाम है, जिसे अकादमी युवा खिलाड़ियों के विकास के लिए तैयार करने का प्रयास करती है. (नीचे भी पढ़े)
इस तरह के अवसर उनके विकास की यात्रा में महत्वपूर्ण पड़ाव होते हैं और हमें विश्वास है कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिले इस अनुभव का पूरा लाभ उठाएंगे. एनटीएचए संरचित प्रशिक्षण, पेशेवर कोचिंग और खिलाड़ियों के समग्र विकास के माध्यम से उभरती हॉकी प्रतिभाओं की मजबूत श्रृंखला तैयार करने पर लगातार ध्यान केंद्रित कर रहा है. अकादमी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय हॉकी के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है.








