जमशेदपुर : एनआइटी आदित्यपुर परिसर में बीते 25 जून से चल रहे 37 झारखंड बटालियन एनसीसी, जमशेदपुर का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-13 (एटीसी-13) शनिवार को गरिमामय माहौल में संपन्न हो गया. एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, रांची के अंतर्गत आयोजित इस दस दिवसीय शिविर का नेतृत्व कमानडिंग ऑफिसर कर्नल विनय अहूजा ने किया. समापन के अवसर पर कैडेटों के बीच गजब का उत्साह देखा गया। इस शिविर में कोल्हान संभाग के विभिन्न स्कूलों व कॉलेजों के कुल 549 छात्र व छात्रा (बॉयज और गर्ल्स) कैडेट्स ने हिस्सा लिया और सैन्य जीवन की बारीकियों को समझा. कैडेटों को मिला हथियार चलाने और साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण शिविर के दौरान एनसीसी कैडेटों के सर्वांगीण विकास के लिए कई तरह की गतिविधियां आयोजित की गईं. (नीचे भी पढ़ें)
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विनय अहूजा के दिशा-निर्देशन में कैडेटों को अनुशासन, कुशल नेतृत्व क्षमता, सैन्य जीवन, ड्रिल, फायरिंग और हथियारों को संभालने का कड़ा प्रशिक्षण दिया गया. इसके साथ ही आधुनिक तकनीक को ध्यान में रखते हुए सिमुलेटर फायरिंग, मैप रीडिंग, साइबर सुरक्षा, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सेवा, फायर फाइटिंग (आग बुझाना) और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सीपीआर देने की महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं. शिविर में सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने के इच्छुक युवाओं को करियर काउंसिलिंग भी प्रदान की गई.







