प्रयागराज : अभी हर ओर महाकुंभ की ही चर्चा है. देश के कोने-कोने से लोग महाकुंभ के अवसर पर त्रिवेणी स्नान के लिए प्रयागराज चले आ रहे हैं. आखिर सभी को 144 वर्ष बाद लगे इस पूर्ण कुंभ का पुण्य जो कमाना है. लेकिन इस पावन अवसर पर अगर आप चाह कर भी किसी कारण से कुंभ स्नान के लिए नहीं जा पा रहे हैं तो यह खबर आप ही के लिए है. टाटा ग्रुप आप जैसे लोगों के घर तक त्रिवेणी संगम का पवित्र जल पहुंचाने की व्यवस्था कर रहा है. अब आप घर बैठे त्रिवेणी संगम का जल प्राप्त कर सकते हैं. बस आपको इसकी कीमत चुकानी होगी. (नीचे भी पढ़ें)

टाटा ग्रुप के ऑनलाइन ग्रॉसरी प्लेटफॉर्म ‘बिग बास्केट’ ने घर-घर पवित्र त्रिवेणी संगम जल की डिलीवरी कराने की अनोखी पहल की है. इसके तहत श्रद्धालु अब बिग बास्केट के जरिये महाकुंभ मेले से पवित्र त्रिवेणी संगम जल (स्वस्ति महाकुंभ पवित्र त्रिवेणी संगम जल) ऑनलाइन खरीद सकते हैं. बताते चलें कि प्रयागराज स्थित त्रिवेणी संगम का जल हिन्दू धर्म में बहुत पवित्र माना जाता है, और इसे अब बिग बास्केट के मोबाइल ऐप से सीधे मंगा सकते हैं.(नीचे भी पढ़ें)

बिग बास्केट ने यह पहल विशेष रूप से उन श्रद्धालुओं के लिए की है, जो चाहते हुए भी किसी कारण वश महाकुंभ मेले में शामिल नहीं हो सकते. धार्मिक रूप से गंगा, यमुना एवं अंतःसलिला सरस्वती नदियों के संगम से लिया गया यह जल बेहद पवित्र एवं महत्वपूर्ण माना जाता है. अब इसे घर बैठे मंगाया जा सकता है. (नीचे भी पढ़ें)

बिग बास्केट पर इस स्वस्ति महाकुंभ पवित्र त्रिवेणी संगम जल की 100 मिली की बोतल मंगाने के लिए मात्र 69 रुपये देने होंगे. बिग बास्केट का दावा है कि यह पूरी तरह शुद्ध और असली संगम जल है. बिग बास्केट ने प्रोडक्ट सब्सक्रिप्शन में बताया है कि इस जल का उपयोग पूजा-पाठ, धार्मिक अनुष्ठानों, मूर्तियों को स्नान कराने एवं घर या कार्यालय को शुद्ध कराने के लिए किया जा सकता है.




