नई दिल्ली : भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने अपनी पहली मौद्रिक नीति समिति बैठक में आम आदमी को बड़ी राहत दी है. तीन दिन तक चली बैठक के बाद रेपो रेट में 0.25 फीसदी की कटौती का ऐलान किया गया है. इस कटौती के बाद रेपो रेट 6.50 फीसदी से घटकर 6.25 फीसदी हो गया है. इससे होम लोन, ऑटो लोन और पर्सनल लोन सहित सभी खुदरा कर्ज सस्ते हो जाएंगे.आरबीआई ने मई 2023 के बाद पहली बार रेपो रेट में बदलाव किया है. (नीचे भी पढ़े)
इससे पहले 11 लगातार एमपीसी बैठकों में इसे 6.50 फीसदी पर बनाए रखा गया था. पूर्व गवर्नर शक्तिकांत दास के सेवानिवृत्त होने के बाद संजय मल्होत्रा ने कार्यभार संभालते ही विकास दर को गति देने के लिए यह अहम फैसला लिया.भारतीय अर्थव्यवस्था की दूसरी तिमाही में विकास दर 4 साल के निचले स्तर पर पहुंच गई थी. इसे देखते हुए आरबीआई ने मौद्रिक नीति में तटस्थ रुख बनाए रखते हुए रेपो रेट में कमी करने का निर्णय लिया, जिससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके.



