
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा स्व केके सिंह के पुण्य स्मृति में आयोजित 574वां नेत्र ज्योति महायज्ञ का ऑपरेशन सत्र 216 नेत्र रोगियों का ऑपरेशन पूर्ण कर सम्पन्न हुआ। जाने माने नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह, डॉ जेएस बेदी, डॉ सुशील बाजोरिया, डॉ पूनम सिंह, डॉ मलय दिवेदी ने नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया। शिविर के दौरान ही पिछले रविवार को ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों की आंखों की पट्टी खोलकर नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह, डॉ जेएस बेदी, डॉ पूनम सिंह ने आंखों की अंतिम जांच की, जिसके पश्चात नेत्र रोगियों को काला चश्मा पहनाया गया व दवा प्रदान किया गया। सोमवार को शिविर के दौरान समाजसेवी अरुण बांकरेवाल ने आकर नेत्र रोगियों को भोजन कराया, साथ ही फेडरल बैक की सीएसआर टीम ने नेत्र शिविर का भ्रमण किया तथा बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों व जरूरतमंदों के लिए किया जाने वाला यह बेहतरीन कार्य है। बैंक के कलस्टर पदाधिकारी सहित बिष्टुपुर शाखा के प्रबंधक एवं उनकी पूरी ने नेत्र रोगियों को भोजन कराया एवं बैंक की ओर से कैम्प को सहयोग प्रदान किया। राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, रेड क्रॉस सोसाईटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार 7 जनवरी को दोपहर 2 बजे प्रसाद के साथ ही इस शिविर का समापन होगा, जिसमें नेत्र रोगियों को स्वादिष्ट भोजन कराया जायेगा, जिसके पश्चात उन्हें जरूरत की दवा व चश्मा प्रदान करने के साथ एक एक कम्बल प्रदान किया जायेगा। दोपहर 2 बजे आयोजित सम्पूर्णता सह नेत्र ज्योति दाता सम्मान समारोह में वर्ष भर रेड क्रॉस के नेत्र ज्योति अभियान को गति देने वाले सहयोगियों को भी सम्मानित किया जायेगा। ज्ञातब्य हो कि रेड क्रॉस के अध्यक्ष सह उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम सम्पूर्णता समारोह की अध्यक्षता करेंगे, साथ ही सम्मानित अतिथि के रूप में जिला के वरीय पुलिस अधीक्षक अनूप बिरथरे, समाजसेवी राजकुमार अग्रवाल तथा गोविन्द प्रसाद दोदराजका सम्मानित अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहकर इस शिविर को सफल बनाने वाले मेडिकल टीम व सहयोगियों को सम्मानित करेंगे।








