
जमशेदपुर : कोरोना महामारी के इस दौर में जहां विभिन्न वर्गों के वारियर्स कोरोना के खिलाफ व मानवता को बचाने की लड़ाई जारी रखे हुए हैं, उन वारियर्स में एक ऐसा समूह भी है जो सीधे अपना रक्त देकर इस लड़ाई में मानवता को विजय दिलाने के प्रयास में जुटा है. ऐसे हजारों रक्तदाता जमशेदपुर की धरती पर हैं, जिन्होने इन 65 दिनों के दौरान अपने रक्तदान से मानवता को जिताने का प्रयास किया है. ऐसे रक्तदाताओं में एक विशेष प्रकार के रक्तदाताओं की श्रेणी एसडीपी डोनर की है, जो अपने प्लेटलेटस का दान कर मानवता के पक्ष को मजबूत किये हुए है. ऐसे ही योद्धा विभाष शुक्ला हैं, जिन्होने आज अपने जन्मदिन पर अपना पांचवा एसडीपी डोनेशन किया और अपने जन्मदिन को मानवता को समर्पित किया. उन्होंने 18 बार रक्तदान किया है और अब वे 5वीं बार एसडीपी डोनेशन कर चुके हैं. रेड क्रॉस पीड़ित मानवता की सेवा में लगे ऐसे रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करता है. विभाष शुक्ला के एसडीपी डोनेशन में जमशेदपुर ब्लड बैंक के महाप्रबंधक संजय चौधरी के साथ वरीय चिकित्सक डॉ एलबीपी सिंह, डॉ निर्जला एवं रेड क्रॉस के एसडीपी प्रभारी प्रभुनाथ सिंह ने सक्रिय भूमिका निभायी.















