जमशेदपुर: पैरा खेलों को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा भारत में समावेशी खेल संस्कृति को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में मंगलवार को गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक पहल की गयी. स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात, आर्चरी एसोसिएशन आफ इंडिया व गुजरात स्टेट आर्चरी एसोसिएशन के बीच मध्य सितंबर 2026 में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित हुंडई वर्ल्ड आर्चरी पारा सीरीज के सफल आयोजन के लिए एक एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया. यह प्रतियोगिता 3 से 10 सितंबर तक अमहदाबाज में आयोजित की जाएगी, जिसमें दुनिया भर के शीर्ष पैरा तीरंदाज अपनी प्रतिभा, कौशल और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन करेंगे. यह आयोजन न केवल खेल उत्कृष्ठता का मंच बनेगा, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों की असाधारण क्षमताओं,आत्मविश्वास और संघर्षशीलता को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का भी अवसर प्रदान करेगा. (नीचे भी पढ़े)

इस अवसर पर पूर्व सीएम, झारखंड व भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा तथा गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी की गरिमामयी उपस्थिति रही. उनकी उपस्थिति ने इस आयोजन के महत्व और भारत में पैरा खेलों के प्रति बढ़ती प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ किया. हुंडई वर्ल्ड आर्चरी पारा सीरीज का आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि समावेशिता,समान अवसर और सामाजिक सशक्तिकरण का एक वैश्विक संदेश है. इस प्रतियोगिता के माध्यम से दिव्यांग खिलाड़ियों को अंतरराष्टीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने, अपने कौशल को निखारने व विश्व मंच पर भारत का गौरव बढ़ाने का अवसर मिलेगा. साथ ही यह आयोजन समाज में यह संदेश भी देगा कि खेल किसी भी प्रकार की शारीरिक सीमाओ से परे प्रतिभा, परिश्रम व दृढ इच्छाशक्ति का उत्सव है. भारत ने पिछले कुछ वर्षों में पैरा खेलों के क्षेत्र में शानदार उपलब्धियां हासिल की है. (नीचे भी पढ़े)

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी देश में पैरा तीरंदाजी के विकास को नयी दिशा देने के साथ साथ युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करने का कार्य करेगी. यह आयोजन खेल अवसरंचना, खेल पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के क्षेत्र में गुजरात की बढ़ती क्षमता को भी प्रदर्शित करेगा. कार्यक्रम में गुजरात सरकार के खेल, युवा एंव सांस्कृतिक गतिविधि विभाग के सचिव डॉ राहुल बाबूलाल गुप्ता, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात के सचिव एवं महानिदेशक आईआर वाला,वर्ल्ड आर्चरी पारा सीरीज के चेयरमैन वीरेंद्र नानावटी, आर्चरी एसोसिएशन आफ इंडिया के पूर्व महासचिव अनिल कामनेनी, प्रशासनिक अधिकारी गुंजन अबरोल, संयुक्त सचिव संदीप जायसवाल समेत कई गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही.







