
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला उपायुक्त अरवा राजकमल के द्वारा जानकारी दी गई कि सेल आरएमडी गुवा ओर मांइस के द्वारा महिला सशक्तिकरण हेतु सीएसआर फंड से संचालित “आशाएं” संस्था की महिलाओं द्वारा निर्मित 2,000 मास्क समाहरणालय परिसर में कंपनी के पदाधिकारियों के द्वारा जिला प्रशासन को उपलब्ध करवाये गये हैं। उपायुक्त ने जानकारी दी कि कंपनी के द्वारा प्रदत्त मास्क दो श्रेणी के हैं जिसमें 1,000 मास्क वैसे श्रेणी के हैं जिन्हें रोगियों को इलाज के दौरान संक्रमण से बचाव हेतु दिया जा सकता है तथा शेष मास्क मजदूर या सामान्य व्यक्ति के उपयोग में कारगर होंगे।उपायुक्त अरवा राजकमल के द्वारा जानकारी दी गई कि वैश्विक महामारी के दौरान संक्रमण से बचाव हेतु मास्क के प्रयोग को स्वास्थ्य विभाग के द्वारा अनिवार्य किया गया है। उपायुक्त के द्वारा जिले में हर लोगों को मास्क उपलब्ध करवाने हेतु जिला प्रशासन के प्रयास में सहयोग करने हेतु सेल के पदाधिकारियों एवं मास्क निर्माता संस्था की दीदियों का आभार व्यक्त किया गया।















