सरायकेला: पथ निर्माण विभाग सरायकेला-खरसावां ने सरायकेला को खरसावां से जोड़ने वाले संजय नदी पर बने पुल तक पहुंच पथ के निर्माण हेतु 5.89 करोड़ का एग्रीमेंट संवेदक मृत्युंजय कुमार के साथ किया है. बता दें कि इसको लेकर झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (जलाडो) ने झारखंड हाईकोर्ट ने जनहित याचिका दायर की है. वहीं विधानसभा दशरथ गागराई ने भी विधानसभा में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था. इधर हाईकोर्ट की सख्ती के बाद पथ प्रमंडल ने उक्त संवेदक के साथ पांच महीने के भीतर सड़क निर्माण करने का एग्रीमेंट किया है.(नीचे भी पढ़े)
कार्यपालक अभियंता अशोक रजक ने भरोसा जताया कि पहुंच का निर्माण पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाएगा और बरसात शुरू होने से पहले इसे पूर्ण कर लिया जाएगा. मालूम हो कि जलाडो की ओर से दायर जनहित याचिका की अगली सुनवाई 6 मई 2025 को निर्धारित की गई है. झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट आर्गेनाईजेशन (जलाडो) के अध्यक्ष ओमप्रकाश ने विधायक के प्रयासों की सराहना की और कहा कि उक्त पुल पिछले दस वर्षों से बनकर तैयार है मगर पहुंच पथ नहीं होने के कारण सरायकेला- खरसावां के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बरसात के दिनों में खरसावां का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट जाता है. ऐसे में उक्त सड़क के बन जाने से हजारों लोगों को सहूलियत होगी. उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही गुणवत्तायुक्त सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए उपलब्ध होगा.



