
सरायकेला : सरायकेला खरसावां ज़िलें के सरायकेला थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय भागीरथी महतो की मौके पर ही मौत हो गई. घटना बड़ाकाकड़ा स्थित उषा कॉलेज मोड़ के पास करीब रात 11 बजे हुई, जब एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि भागीरथी महतो ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान बड़ाकाकड़ा निवासी के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, भागीरथी महतो की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह अक्सर रात के समय सड़कों पर घूमते रहते थे. (नीचे देखे पूरी खबर)
आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान वह किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए. घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. साथ ही संभावित रूट पर भी जांच तेज कर दी गई है ताकि जल्द से जल्द आरोपी तक पहुंचा जा सके. इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने, सड़कों पर रोशनी की बेहतर व्यवस्था करने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण लगाने की मांग की है. यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है.







