
सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिला के आदित्यपुर में इन दिनों उचक्कों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है. जहां आए दिन उचक्के लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं. हद तो ये है कि उचक्के अब बैंकों और सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम लूट और छिनतई की घटना को अंजाम दे रहे हैं वो भी दिनदहाड़े. ताजा मामला आदित्यपुर थाना अंतर्गत आकाशवाणी पटेल चौक स्थित एसबीआई ब्रांच का है. जहां सेवानिवृत्त एनआईटी कर्मचारी एसी शर्मा पेंशन का पैसा निकालने बैंक गए थे. जहां पहले से ही घात लगाए उचक्के तीस हजार छीन कर चलते बने. हैरान करने वाली बात ये है कि उचक्के बैंक के भीतर इस घटना को अंजाम देकर निकल पड़े और बैंक में मौजूद सुरक्षाकर्मी के साथ आकाशवाणी पटेल चौक के समीप मौजूद पुलिसकर्मी को इसकी भनक तक नहीं लगी.

उधर बैंक मैनेजर ने इस मामले में कुछ भी बताने से इंकार कर दिया. उधर घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई है. आपको बता दें कि 4 दिन पहले एम टाइप के पास भी ऐसी ही एक घटना घटी थी, जहां अपने बच्चे को स्कूल से लाने जा रही एक महिला के साथ दिनदहाड़े उचक्कों ने पर्स छिनतई की घटना को अंजाम दिया था. ऐसे में सवाल ये उठता है कि आखिर आदित्यपुर पुलिस क्या कर रही है. जहां रात के अंधेरे में नहीं दिन के उजाले में बेखौफ अपराधी ऐसी घटनाओं को अंजाम देकर बड़े ही आराम से निकल ले रहे हैं.



