आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के ऐसे भवन मालिकों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है, जिन्होंने वर्ष 2024-25 के बकाया होल्डिंग टैक्स का भुगतान अभी तक नहीं किया है. निगम प्रशासक रवि प्रकाश के निर्देश पर निगम की राजस्व शाखा ने पूर्व के वित्तीय वर्ष तथा वर्तमान वित्तीय वर्ष के बकायेदारों की सूची तैयार की है. सभी बकायेदारों को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए 3 दिन के अंदर टैक्स जमा कराने का निर्देश दिया गया है. निर्धारित समय के अंदर टैक्स का भुगतान नहीं होने की स्थिति में संबंधित भवन मालिकों के खिलाफ नगर पालिका अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
एक लाख रुपए से अधिक का टैक्स बकाया रखनेवाले भवन मालिकों के बैंक खाते फ्रीज किये जाएंगे, साथ ही, संबंधित बकायेदारों का बॉडी वारंट जारी करते हुए उनकी संपत्ति की कुर्की-जब्ती भी की जाएगी. टैक्स बकायेदार भविष्य में अपनी संपत्ति की बिक्री भी नहीं कर पाएंगे, क्योंकि बिक्री पर भी रोक लगा दी जाएगी. इस संबंध में निगम के अधिकारियों ने बताया कि राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए सख्त कदम उठाना जरूरी है. जिन बकायेदारों को अंतिम नोटिस दिया गया, उन्हें पहले भी तीन नोटिस दिये जा चुके हैं, लेकिन उन्होंने टैक्स नहीं भरा. इसलिए कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया है.














