आदित्यपुर: सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां इमली चौक निवासी 34 वर्षीय प्रियंका पॉल ने कथित रूप से अपने घर में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस हरकत में आई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई. परिजनों के अनुसार प्रियंका पॉल कोटक महिंद्रा बैंक की साकची शाखा में कार्यरत थीं. उनके पति ने बताया कि शनिवार दोपहर घर पर कोई नहीं था. इसी दौरान प्रियंका ने अपने एक बच्चे को दांत दर्द की दवा लाने के लिए बाहर भेजा था. जब उनकी बेटी घर लौटी तो मां को पंखे से लटका हुआ पाया. बेटी की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और प्रियंका को फंदे से उतारा गया. (नीचे भी पढ़ें)
गंभीर अवस्था में प्रियंका पॉल को आदित्यपुर टोल ब्रिज के पास स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रशासन द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने देर शाम अस्पताल पहुंचकर कर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल के शीतगृह में भेज दिया. पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
पति ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि पिछले कुछ महीनों से प्रियंका का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था और उनका इलाज (टीएमएच) में चल रहा था. पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. प्रियंका पॉल अपने पीछे दो बच्चों और परिवार को छोड़ गई हैं. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके.














