सरायकेला : झारखंड की कला नगरी सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों पेयजल की भीषण समस्या उत्पन्न हो गई है. इसको लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल ने महिला नगर अध्यक्ष पिंकी मोदक के नेतृत्व में सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी से मुलाकात कर उन्हें एक मांग पत्र सौंपा. सौंपे गए मांगपत्र में बताया गया है कि सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में पीएचईडी द्वारा जलापूर्ति की जाती थी, मगर अनियमित रूप से पानी की सप्लाई होने के कारण भीषण गर्मी में कई-कई दिन तक नल से पानी नहीं आ रहा है. इससे लोगों को पीने के पानी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. पिछले दिनों नगर पंचायत के प्रशासक से मिलकर पानी की समस्या से निजात दिलाने की मांग की गई थी, मगर उन्होंने इसके लिए कोई सार्थक पहल नहीं की, जिससे पेयजल की समस्या दिन ब दिन और गंभीर होती जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
उधर भाजपा नेता राजा सिंहदेव ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर नगर क्षेत्र में पानी की समस्या दूर नहीं होती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा. वहीं मीडिया के सवाल पर सरायकेला के विधायक प्रतिनिधि सनंद कुमार आचार्य ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने आदित्यपुर से लेकर सरायकेला तक पानी की समस्या को लेकर ब्लूप्रिंट तैयार कराया था, मगर सत्ता से उतारने के बाद वर्तमान सरकार ने सारी योजनाओं को ठंडे बस्ते में डाल दिया है. कुल मिलाकर कहें तो सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र से लेकर आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र तक की जनता पानी के लिए त्राहिमाम कर रही है. मगर न तो प्रशासनिक अधिकारियों को कोई चिंता है और न ही शहरी निकायों के प्रशासकों को इसकी कोई चिंता हो रही है.



