चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल बस स्टैंड के समीप आभूषण व्यवसायी उमंग चौधरी के घर हुई डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कार्रवाई करते हुए स्थानीय आरोपी राहुल कुमार महतो (27) और लूटे गए आभूषणों के कथित खरीदार त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार (57) को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र से करीब 24 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, 9 और 10 अक्टूबर की मध्यरात्रि अपराधियों ने उमंग चौधरी के घर में जबरन प्रवेश कर परिवार के सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया था. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए थे. मामले में चांडिल के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई. जांच के दौरान तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर राहुल कुमार महतो की भूमिका सामने आई. पुलिस के मुताबिक, राहुल कूरियर कंपनी में घर-घर जाकर सामान पहुंचाता था. वर्ष 2022-23 में जमशेदपुर की घाघीडीह जेल में बंद रहने के दौरान उसकी मुलाकात कथित डकैत मोहिउद्दीन अंसारी और सोबराती अंसारी से हुई थी. (नीचे भी पढ़ें)
आरोप है कि राहुल ने ही व्यवसायी के घर की पहचान कर अपराधियों को जानकारी दी थी. पुलिस ने त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार की निशानदेही पर 5.142 किलोग्राम गला हुआ चांदी, 80 ग्राम गला हुआ सोना, ब्रिटिशकालीन चांदी के 32 सिक्के, चांदी के दो स्वास्तिक और ब्रेसलेट से निकाले गए 11 छोटे हीरे जैसे पत्थर बरामद किए हैं. इसके अलावा दो मोबाइल फोन और एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में पांच अन्य संदिग्धों को हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र में एक दूसरे मामले में पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. पुलिस पूरे मामले में आगे की जांच कर रही है.





