चांडिल : चांडिल थाना क्षेत्र के लेंगडीह स्थित अर्जुन चौक पर रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. जमशेदपुर से चांडिल स्टेशन की ओर जा रहे तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो ने अजीत होटल के सामने खड़ी स्प्लेंडर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ऑटो को भी नुकसान पहुंचा है. गनीमत रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
ऑटो चालक रमेश कुमार चौधरी जमशेदपुर से चांडिल स्टेशन की ओर जा रहा था. उसी दौरान अर्जुन चौक पर सुखसारी रोड की ओर से एक कार निकल रही थी. कार को बचाने के प्रयास में ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और उसने होटल के सामने खड़ी स्प्लेंडर प्लस बाइक को टक्कर मार दी. बताया जा रहा है कि उक्त बाइक रसुनिया पंचायत समिति सदस्य युधिष्ठिर महतो की है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग जुट गए. (नीचे भी पढ़ें)
घटनास्थल के पास मौजूद लोगों के अनुसार सीएनजी ऑटो काफी तेज रफ्तार में था. स्थानीय लोगों का मानना है कि तेज गति ही हादसे का कारण है. हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि बाकी है. व्यस्त अर्जुन चौक पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की जरूरत को उजागर किया है.





