सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिला के राजनगर थाना क्षेत्र के मुड़ियापड़ा सीमा क्षेत्र में दोस्तों के साथ पार्टी मनाने के दौरान एक सिपाही की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई. सिपाही पश्चिमी सिंहभूम जिला के झींकपानी थाना क्षेत्र के सोनापोसी का रहनेवाला है. मृत जवान की पहचान 31 वर्षीय राजू बिरुली के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार सोमवार शाम को राजनगर थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव के रहने वाले अजीत कुमार सोरेन एवं अन्य तीन चार दोस्तों के साथ मुड़ियापड़ा सोलर प्लांट के बगल में आपस में बैठकर सभी शराब पार्टी कर रहे थे.(नीचे भी पढ़े)
इसी दरमियान सिपाही राजू बिरूली का अचानक तबीयत बिगड़ गई उसके बाद दोस्तों ने उसे राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. राजू के मुंह और नाक से केवल पानी जैसा लार निकल रहा था. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सिपाही जवान को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी और मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया. वहीं पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है. मालूम हो कि जवान राजू बिरूली बोकारो में तैनात था. छुट्टी में आने के बाद राजनगर के दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था.



