सरायकेला : दुगनी स्थित पुलिस केंद्र में शुक्रवार को पासिंग आउट परेड आयोजित किया गया. इसमें एएसआइ से एसआइ रैंक में प्रोन्नत 47 पुलिस अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. हालांकि इनमें से एक अधिकारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं. दो महीने तक चले प्रशिक्षण शिविर में पुलिस अधिकारियों को आंतरिक एवं वाह्य स्तर का प्रशिक्षण प्रदान किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
पासिंग आउट परेड में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक बैंड प्रस्तुत किया, जिसकी खूब सराहना भी हुई. पासिंग आउट परेड में कोल्हान के डीआइजी अजय लिंडा मुख्य अतिथि थे. उन्होंने अपने संबोधन में सभी प्रशिक्षित सब इंस्पेक्टरों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें इस प्रशिक्षण को अपने कार्यस्थल और दैनिक जीवन में अमल में लाने एवं फर्ज के प्रति वफादार रहने की नसीहत दी. उन्होंने पास आउट कर रहे पुलिस अधिकारियों को जब तक नौकरी में हैं अनुशासित रहने, नौकरी के बाद भी अनुशासन को विशेष महत्व देने की नसीहत दी. वहीं एसपी आनंद प्रकाश ने भी प्रशिक्षित पुलिस अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और प्रशिक्षण प्राप्त अधिकारियों से निष्ठा एवं ईमानदारी पूर्वक कर्तव्य निर्वहन की अपील की. उन्होंने कहा कुशल प्रशिक्षकों द्वारा उत्कृष्ट प्रशिक्षण दिलाया गया है, जिसके प्रयोग से पदाधिकारी अपनी ड्यूटी के दौरान बेहतर अनुसंधानकर्ता और बेहतर अधिकारी बन सकते हैं. परेड में जिले के तमाम पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.



