सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले में हाथी की सूचना देने के बावजूद भी वन विभाग की ओर से किए जा रहे लापरवाही से ग्रामीणों में जिस बात की आशंका थी, रात होते ही उस आशंका को हाथी ने हकीकत में बदल दिया. हाथी ने नातीडीह गांव के एक अठारह वर्षीय नाबालिक को अपनी चपेट में ले लिया. हालांकि ग्रामीणों की तत्परता से नाबालिक की जान तो बच गई लेकिन उसे गंभीर चोट आई है. घटना होने के बाद वन विभाग की टीम हरकत में आई और जब नाबालिग को सदर अस्पताल लाया गया उसके बाद टीम हाथी को भगाने के लिए निकली. घटना मंगलवार की रात करीब 9:30 बजे की है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार नाबालिक सीदीयू हाईबुरू रात को खाना खाने से पूर्व अपने घर के बगल में शौच के लिए गया.एक पेड़ के नीचे वह जैसे ही शौच के लिए बैठा तभी पेड़ के पीछे छिपा हाथी सामने आ गया और नाबालिग को सूंड से उठाकर पटक दिया. हाथी द्वारा सूंड के फेंके जाने पर नाबालिग पास के तालाब में जाकर गिर गया. इसके बाद ग्रामीणों ने हो हल्ला करना शुरू किया जिसके बाद हाथी वहां से भाग गया. ग्रामीणों ने नाबालिक को तालाब से बाहर निकाला और आनन- फानन में उपचार के लिए सदर अस्पताल सरायकेला लेकर आए जहां उसका उपचार चल रहा है. घटना के वक्त वहां वन विभाग की टीम मौजूद नहीं थी. घटना के बाद सूचना पर वन विभाग की टीम सदर अस्पताल पहुंची और घायल नाबालिग से मिलने के बाद घटना स्थल के लिए प्रस्थान किया. टीम में चांडिल की टीम शामिल है.




