जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के गम्हरिया में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान विनायक गार्डन निवासी आशुतोष कुमार के रूप में हुई. आशुतोष कुमार रामकृष्ण फॉरर्जिंग के प्लांट नंबर-5 में कार्यरत थे और अपने पिता के कॉन्ट्रैक्ट वर्क की देखरेख भी करते थे. शनिवार की रात ड्यूटी समाप्त कर जब वे घर लौट रहे थे.(नीचे भी पढ़े)
उसी दौरान लाल बिल्डिंग के पास केडिया पेट्रोल पंप के समीप खड़े एक भारी ट्रेलर से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. बताया गया कि आशुतोष की शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी. आशुतोष बाइक से आ रहा था.घर के कमाऊ सदस्य की इस असामयिक मृत्यु से पत्नी, माता-पिता समेत पूरे परिवार की स्थिति बदहवास हो गई है. शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण गम्हरिया में प्रतिदिन सैकड़ों ट्रेलर और भारी वाहन चलते हैं. किंतु उचित पार्किंग और ट्रैफिक नियंत्रण के अभाव में ये वाहन किसी भी स्थान पर खड़े हो जाते हैं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. पूर्व में भी कई लोग इस अराजक व्यवस्था की भेंट चढ़ चुके हैं. लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है.











