सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले की खनन विभाग और खरसावां थाना द्वारा शनिवार को बालू के अवैध कारोबार के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया. हुड़ंगदा और खरसांवा में विभिन्न स्थानों में अवैध बालू परिवहन पर करवाई की गयी. शुरू किए गए इस अभियान के दौरान जिला खनन विभाग और खरसावां थाना को बड़ी सफलता मिली. इस क्रम में अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टर वाहन तथा एक हाइवा वाहन को जब्त कर खरसावां थाने में सुपुर्द किया गया. खनन विभाग ने बताया कि इस मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपति ने बताया कि जब्त वाहनों के परिवहन कागजातों की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बालू और अन्य खनिजों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि बालू और अन्य खनिज के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ विभाग का अभियान जारी रहेगा. उन्होंने यह भी कहा कि उपायुक्त के निर्देशानुसार अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए जिले के विभिन्न स्थानों पर चेकनाका लगाए जा रहे हैं.



