
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस कप्तान एस कार्तिक ने पुलिसवालों को मौत के घाट उतारने वाले नक्सली महाराजा प्रमाणिक और अमित मुंडा पर पकड़ाने वाले के लिए ईमान घोषित किया है. महाराजा प्रमाणिक पर 10 लाख रुपये जबकि अमित मुंडा पर 15 लाख रुपये का ईनाम घोषित किया है. इसके लिए पूरे गांव से लेकर शहर तक पोस्टर चस्पा किया गया है और खुद एसपी एस कार्तिक ने पोस्टर चिपकाया है.

पुलिस संस्मरण दिवस के मौके पर एसपी ने पुलिसवालों को मौत के घाट उतारने वाले के खिलाफ इस तरह का अभियान चलाकर दिवंगत पुलिसवालों को श्रद्धांजलि अर्पित की है. दूसरी ओर, सरायकेला में पुलिस स्मरण दिवस के मौके पर बीते 14 जून को तिरुलडीह थाना अंतर्गत कुकड़ू हाट में नक्सलियों द्वारा छह पुलिसकर्मियों की नृशंस हत्या किए जाने के बाद सोमवार को पुलिस स्मरण दिवस के मौके पर सभी पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई. यह श्रद्धांजलि सभा कुकड़ू हॉट मैदान में आयोजित की गई.

जहां तिरूल्डीह थाना पुलिस के अलावे स्थानीय लोगों ने भी शिरकत की और सभी ने शहीद पुलिसकर्मियों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस मौके पर मौजूद थाना प्रभारी एवं जनप्रतिनिधियों ने पुलिस के कार्यों को बेहद ही चुनौती भरा बताया और कहा कि पुलिस और जनता दोनों एक दूसरे के पूरक हैं. पुलिस का काम उन्हें सुरक्षा प्रदान करना है तो जनता का भी काम पुलिस को सहयोग करना है. इस दौरान मौजूद जनप्रतिनिधियों के साथ सभी पुलिसकर्मियों की आंखें नम नजर आई.



