
Chaibasa : सोमवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस केंद्र में संस्मरण दिवस के अवसर पर जिला पुलिस एवं केंद्रीय सुरक्षा पुलिस के अमर जवानों को उनकी शहादत के लिए याद किया गया। इस अवसर पर पुलिस केंद्र में सीआरपीएफ के पुलिस उपमहानिरीक्षक (अभियान) हनुमंत सिंह रावत, पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा, सीआरपीएफ 174 बटालियन के समादेष्टा डॉ प्रेमचंद्र, सहायक पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर नाथू सिंह मीणा (आइपीएस), सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमर कुमार पांडेय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर प्रदीप उरांव, परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र मंटू यादव समेत जिला बल तथा सीआरपीएफ के अन्य पदाधिकारी एवं हवलदार सिपाही उपस्थित थे। उपस्थित सभी पुलिस संस्मरण दिवस परेड में शामिल हुए।

पुलिस अधीक्षक ने शहीद पुलिसकर्मियों के नाम पढ़ कर शोक सलामी के साथ 2 मिनट के लिए मौन रखकर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी आगंतुकों के द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित शहीदों के परिजनों को सम्मानित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आप सभी हमारे परिवार के सदस्य की तरह हैं। किसी भी शहीद के परिवार को कोई भी आवश्यकता हो तो तत्काल हमसे संपर्क करें, मैं हमेशा उनकी मदद के लिए तैयार हूं। इस अवसर पर उनकी पारिवारिक समस्या की जानकारी भी पुलिस अधीक्षक ने ली।




