दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर सरायकेला प्रशासन को प्रमाण पत्र देने वाले जरा प्रशासन से 14 लाख से भी अधिक की चोरी मामले का हिसाब मांग लेते

सरायकेला : दुर्गा पूजा संपन्न हुए 6 दिन बीत गए. इधर सरायकेला खरसावां जिला प्रशासन को शांतिपूर्ण पूजा संपन्न कराए जाने को लेकर आदित्यपुर के प्रबुद्ध नागरिक नेता और न जाने कितने संस्थाओं ने बधाइयां दी, वहीं बीते 7 अक्टूबर को आरआईटी थाना अंतर्गत एमआइजी 79 में बेटी की शादी के लिए बनाकर रखे गए लगभग चौदह लाख के गहनों को चोरों ने 1 घंटे के भीतर उड़ा लिया, इसके अलावा लगभग पौने दो लाख रुपए नगदी पर भी हाथ साफ कर लिया. ऐसे में सरायकेला प्रशासन को सफलता का प्रमाण पत्र देना कितना जायज है ये तो प्रबुद्ध नागरिक और स्वयं सेवी संस्था ही बता सकती है. सबसे बड़ी बात तो ये है कि इतनी बड़ी घटना घटने पर भी आदित्यपुर के प्रबुद्ध नागरिक मामले पर चुप्पी साधे बैठे हैं. वैसे क्या बीत रही होगी उस पिता पर जिसने अपने जीवन भर की कमाई से अपनी बिटिया की शादी के लिए गहने बनाए होंगे. वहीं घटना के बाद से ही पूरा परिवार सदमे में है. परिवार का हर सदस्य खुदको इस बात को लेकर कोस रहा है कि आखिर परिवार के सभी सदस्य प्रशासन पर भरोसा करके बच्चे का जन्मदिन मनाने क्यों गए, वह भी महज 1 घंटे के लिए ! वहीं सरायकेला पुलिस बीते 6 दिनों से अब तक लकीर ढूंढने में जुटी हुई है. कुल मिलाकर मामले में अब तक पुलिस के हाथ खाली ही है.




