आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित बेबको कंपनी के प्लांट परिसर से बैटरी चोरी के मामले में आदित्यपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई सभी 20 बैटरियां बरामद कर ली हैं. बरामद बैटरियों की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है. घटना 23 और 24 नवंबर की मध्यरात्रि करीब दो बजे की है. बेबको कंपनी के कर्मचारियों ने आदित्यपुर पुलिस को सूचना दी कि प्लांट परिसर के यार्ड में कुछ चोर घुस आए हैं और वहां से 20 बैटरियां चोरी कर ले गए हैं. सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू की. इस दौरान पुलिस ने पहले 16 बैटरियां बरामद कर लीं. (नीचे भी पढ़ें)

शेष चार बैटरियों की बरामदगी के लिए छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में आरोपियों की पहचान सिंह राय समद, समीर हंसदा और नारायण हेमराय के रूप में हुई. तीनों आदित्यपुर थाना क्षेत्र के वास्को नगर के रहने वाले हैं. पुलिस ने तीनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की बाकी चार बैटरियां भी बरामद कर लीं. इस मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 346/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.












