चांडिल : दीपावली एवं छठ पूजा शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को चांडिल अनुमंडल मुख्यालय सभागार में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता ने की. इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पूजा एवं छठ घाट समितियों के सदस्यों तथा गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया.
बैठक में चांडिल बाजार की गंदी नालियों की सफाई, कूड़ा-कचरा प्रबंधन और सड़क जाम की समस्या का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. इस पर एसडीओ ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के समाधान के लिए पहल करने को कहा. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने थाना प्रभारियों को ड्रंक एंड ड्राइव और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर घाटों पर पर्याप्त रोशनी, पानी में बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने पर सहमति बनी. वहीं, दीपावली और छठ के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब व नशीले पदार्थों के सेवन, जुआ और अड्डेबाजी पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी. (नीचे भी पढ़ें)
प्रशासन ने लोगों से भीड़भाड़ वाले इलाकों में पटाखे नहीं फोड़ने और छोटे बच्चों को पटाखे नहीं देने की अपील की. साथ ही अस्थायी दुकानदारों को सड़क किनारे अतिक्रमण कर पटाखे एवं खिलौनों की दुकान नहीं लगाने की हिदायत दी, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे.












