सरायकेला: सरायकेला जिले के राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की लापरवाही से जहरीले सांप के डंसने से एक साढ़े छह वर्ष के बच्चे की मौत हो गई. मृतक का नाम प्रवेश गागराई है. वह राजनगर प्रखंड के जामबनी गांव निवासी सरदार गागराई का पुत्र था. मिली जानकारी के अनुसार प्रवेश अपने घर के बाहर खेल रहा था. वह जहां खेल रहा था वहां कुछ झाड़ियां भी थी. इसी दौरान झाड़ियों की तरफ से एक जहरीला सांप आया और प्रवेश के हाथ में डंस लिया.(नीचे भी पढ़े)
सांप के डंसने के बाद प्रवेश अपने घर आया और अपनी मां को इसकी जानकारी दी. आनन- फानन में उसकी मां उसे लेकर राजनगर सीएचसी पहुंची. जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किए बिना ही उसे सरायकेला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. प्रवेश की मां उसे लेकर सरायकेला सदर अस्पताल पहुंची. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. प्रवेश की मौत के बाद उसकी मां उसे गोद में लेकर दहाड़े मार- मार कर रोने लगी.











