सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के फॉरेस्ट इलाके में पेड़ से लटके मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान हो गई है. मृतका की पहचान करीब 20 वर्षीया सोमवारी सिंह के रूप में हुई है, जो नीमड़ीह थाना क्षेत्र के रूपरू गांव की रहने वाली थी. उसके पति का नाम रवि सिंह मुंडा बताया गया है. जानकारी के अनुसार, सोमवारी अपने परिवार के साथ कपाली ओपी क्षेत्र के कमारगोड़ा स्थित मधु महतो के मकान में किराये पर रहती थी. मंगलवार को जंगल में क्रिकेट खेल रहे कुछ बच्चों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी. बच्चों ने इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी, जिनके सूचित करने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया. (नीचे भी पढ़ें)
आरंभिक जांच में महिला की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए पहचान की प्रक्रिया शुरू की. बाद में परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से मृतका की शिनाख्त सोमवारी सिंह के रूप में हुई. पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है. (नीचे भी पढ़ें)
सूत्रों के मुताबिक, महिला का पिछले कुछ दिनों से अपने पति के साथ घरेलू विवाद चल रहा था, हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है.






