
Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब अस्पताल के छत की प्लास्टर अचानक गिर पड़ी. ऊपर वाले का लाख-लाख शुक्र है कि इस घटना से कोई हताहत नहीं हुआ. हालांकि उस वक्त अस्पताल में कांग्रेसियों का एक प्रतिनिधिमंडल कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज में लापरवाही और सामान्य मरीजों के साथ हो रहे भेदभाव को लेकर एक मांग पत्र सौंपने पहुंचा था. मांग पत्र सौंपने के क्रम में ही यह हादसा हुआ. इसको लेकर सिंहभूम सांसद प्रतिनिधि लालबाबू सरदार ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अस्पताल के निर्माण में भ्रष्टाचार की बात करते हुए जांच की मांग की है.
आपको बता दें कि अभी तीन-चार साल पहले ही अस्पताल का नया भवन बनकर तैयार हुआ है और अभी से ही भवन की स्थिति जर्जर हो चली है. निश्चित तौर पर इससे इन्कार नहीं किया जा सकता कि अस्पताल के इस भवन के निर्माण में घटिया सामग्रियों का उपयोग करने के साथ ही अनियमितता भी बरती गई है. फिलहाल गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस की ओर से अस्पताल में इलाज कराने पहुंच रहे मरीजों के समुचित इलाज और कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज में तेजी लाने की मांग की है.







