सरायकेला: सरायकेला जिले में सिविल सर्जन का प्रभार लेने के बाद पहली बार मंगलवार को सीएस सरयू प्रसाद सिंह ने सदर अस्पताल सरायकेला का निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में उन्होंने सदर अस्पताल में संचालित विभिन्न विभागों का जायजा लिया और मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक निर्देश दिया. सिविल सर्जन ने कहा कि सदर अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार मिले यह मेरी पहली प्राथमिकता में शामिल है. उन्होंने कहा कि फिलहाल अस्पताल के सभी विभाग सुचारू ढंग से संचालित हैं. इन्हें और बेहतर तरीके से संचालित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा. सिविल सर्जन ने कहा कि सदर अस्पताल में बने छह बेड वाले आईसीयू को संचालित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा. इसके लिए जिले के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों से संपर्क करते हुए आवश्यक दवाई और संसाधन अस्पताल को उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं सदर अस्पताल के ब्लड बैंक की खराब स्थिति पर जवाब देते हुए सिविल सर्जन ने कहा कि ब्लड बैंक को बेहतर किया जाएगा. यहां मानव संसाधन की कमी के कारण जितनी उपलब्धि मिलनी चाहिए उतनी नहीं मिल पाती है. ब्लडबैंक में रक्त की कमी को लेकर उन्होंने कहा कि सीएसआर के तहत रक्तदान के लिए आने वाली कंपनियों से बात किया जाएगा और सरायकेला में ही रक्तदान कराने पर जोर दिया जाएगा. मौके पर डीपीएम निर्मल दास, अस्पताल प्रबंधक संजीत राय एवं चिकित्सक डॉ चंदन कुमार मौजूद थे. सिविल सर्जन ने कहा कि सदर अस्पताल को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा. मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है.



