सरायकेला : सरायकेला स्थित श्रीश्याम मित्र मंडल आगामी 24 जनवरी को अपना 11वां वार्षिक महोत्सव भव्य रूप में आयोजित करने जा रहा है. नगर में श्री श्याम मंदिर के लिए प्रस्तावित भूमि में आयोजित होने जा रहे इस एक दिवसीय वार्षिकोत्सव के तहत निशान समर्पण यात्रा के साथ ही श्री श्याम संकीर्तन का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दूर-दूर से नामी कलाकार पहुंच रहे हैं. सरायकेला जेल रो़ड स्थित प्रस्तावित श्री श्याम मंदिर निर्माण स्थल पर इस आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. वहां इसके लिए भव्य पंडाल तैयार कराया जा रहा है. श्याम मित्र मंडल के पदाधिकारियों ने इस संबंध में बताया कि आगामी 24 जनवरी को प्रातः 9:11 बजे लक्ष्मीनारायण मंदिर से निशान समर्पण यात्रा के साथ श्री श्याम मित्र मंडल के 11वें वार्षिकोत्सव की विधिवत शुरुआत होगी. निशान समर्पण यात्रा लक्ष्मी नारायण मंदिर से प्रारंभ होकर आयोजन स्थल, सरायकेला जेल रोड स्थित श्री श्याम मंदिर निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थल पर पहुंच कर संपन्न होगी. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम के दूसरे चरण में संध्या 7:11 बजे से श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन आरंभ होगा, जो पूरी रात चलेगा. इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जयपुर से उमा लहरी, कोलकाता से सौरभ शर्मा, जमशेदपुर से अनुभव अग्रवाल एवं सरायकेला के शिवम चौधरी जैसे कलाकार अपनी प्रस्तुति देने के लिए पधार रहे हैं. इन कलाकारों को संगति देने के लिए दिल्ली से नरेश पुनिया म्यूजिकल ग्रुप को आमंत्रित किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
श्री श्याम मित्र मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन में सरायकेला की श्री श्याम समर्पण ट्रस्ट, श्री राणी सती दादी मंदिर ट्रस्ट, मारवाड़ी युवा मंच की सरायकेला शाखा, सरायकेला मारवाड़ी महिला समिति एवं सरायकेला मारवाड़ी सम्मेलन जैसी संस्थाओं का भी पूरा सहयोग मिल रहा है. पदाधिकारियों ने बताया कि विगत ग्यारह वर्षों से हो रहे इस आयोजन में सरायकेला के अलावा जमशेदपुर सहित आसपास के शहरों एवं पूरे झारखंड सहित बंगाल, ओड़िशा एवं बिहार से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
समारोह की तैयारियों में श्री श्याम मित्र मंडल के सारे पदाधिकारी जोर-शोर से लगे हुए हैं. श्री श्याम मंदिर के लिए प्रस्तावित भूमि पर पहली बार हो रहे इस भव्य आयोजन को लेकर आयोजन समिति के साथ ही श्री श्याम मित्र मंडल के सारे पदाधिकारी एवं सदस्य उत्साहित हैं. सभी इस आयोजन में श्री श्याम के भक्तों को हर सुविधा मुहैया कराने की तैयारी में जुटे हुए हैं.












