
जमशेदपुर : झारखंड की सबसे सटीक खबर देने वाली www.sharpbharat.com के खबर का असर हुआ है. खबर जारी करने के दूसरे ही दिन टाटानगर रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को रेलवे प्रबंधन ने लगा दिया है. अब राष्ट्रीय ध्वज शान से एक बार फिर से टाटानगर रेलवे स्टेशन पर लहराने लगा है और लोगों को राष्ट्रीयता का एहसास दिला रहा है. आपको बता दें कि टाटानगर रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को रेलवे मंत्रालय द्वारा लगाया गया था. लेकिन काफी दिनों से यह राष्ट्रीय ध्वज को हटा दिया गया था.

इसके पीछे रेलवे की ओर से बताया गया था कि झंडा का रंग ही बदल गया था, जिस कारण झंडे को हटा दिया गया था. लॉकडाउन के कारण राष्ट्रीय ध्वज को हटा दिया गया था. बदलने की योजना थी, लेकिन लॉकडाउन के कारण बदला नहीं जा सका था. इस खबर को प्रमुखता से शार्प भारत डॉट काम ने जारी की, जिसके बाद रेलवे मंत्रालय और केंद्रीय रेल मंत्री पियुष गोयल ने इस मामले को गंभीरता से लिया. रेल मंत्री ने ट्विट कर चक्रधरपुर के डीआरएम को निर्देश दिया था कि तत्काल इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाये और झंडा को लगाया जाये. दूसरे ही दिन यानी शनिवार को ही रेलवे मंत्रालय के निर्देश पर रेलवे के अधिकारियों ने फिर से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को लगा दिया और वह अब बड़ी ही शान के साथ लहराने लगा है, जिसको देखकर जमशेदपुर ही नहीं बल्कि टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को काफी गर्व महसूस हो रहा है.














