
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला के चक्रधरपुर अनुमंडल में दक्षिण पूर्व रेलवे चक्रधरपुर, रेलवे कोविड अस्पताल में एक कोरोना संक्रमित मरीज की संदिग्ध मौत हो गई. मौत के बाद मृतक के परिजनों ने जमकर बवाल काटा व कोविड अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया. बताया जा रहा है कि मरीज की मौत अस्पताल में बेड से गिरने से हुई है. परिजनों का कहना है कि मृतक के सिर से खून भी निकल रहा था. जानकारी के अनुसार बुधवार की रात 12 बजे मरीज को अस्पताला में भर्ती कराया गया था. इस मामले पर चाईबासा सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ ओपी गुप्ता ने कहा कि उन्हें घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है. वहीं घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंचकर परिजनों को समझाने की प्रयास कर रही है. बहरहाल यह भी जांच का विषय हो सकता है कि मृतक के परिजनों का आरोप सही है या नहीं.








